Azaad bharat News/ Raigarh/Chhattisgarh -रायगढ़। आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार और क्लेम को लेकर मिली शिकायत के बाद रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज रोड स्थित कल्याण हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की अनुशंसा की है। शिकायत में सामान्य मरीजों को भी आईसीयू में भर्ती दर्शाकर आयुष्मान कार्ड में आईसीयू पैकेज ब्लॉक करने का आरोप लगाया गया था। मामले की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं को भेजी है।
जानकारी के अनुसार, कल्याण हॉस्पिटल के खिलाफ आयुष्मान कार्ड में कथित अनियमितता को लेकर शिकायत स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद सीएमएचओ के निर्देश पर एक जांच टीम हॉस्पिटल पहुंची और वहां आयुष्मान योजना के तहत ब्लॉक किए गए पैकेज तथा संबंधित मरीजों के उपचार की स्थिति की जांच की।
सामान्य मरीजों के लिए ICU पैकेज ब्लॉक करने का आरोप
जांच के दौरान टीम ने आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों की पड़ताल की। विभागीय जांच रिपोर्ट के अनुसार, हॉस्पिटल द्वारा कुछ मामलों में अनावश्यक रूप से अधिक राशि वाले पैकेज ब्लॉक किए जाने और सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू पैकेज का उपयोग किए जाने की शिकायत सही पाई गई।
जांच टीम ने हॉस्पिटल से संबंधित अपनी रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपी। रिपोर्ट में आयुष्मान योजना से जुड़े मामलों के अलावा हॉस्पिटल में अन्य कमियां भी सामने आने की बात कही गई है।
हॉस्पिटल की बिल्डिंग और रास्ते को लेकर भी सवाल
जांच टीम ने हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। रिपोर्ट के अनुसार हॉस्पिटल की बिल्डिंग को निर्माणाधीन बताया गया है। साथ ही हॉस्पिटल तक पहुंचने वाली सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हॉस्पिटल संचालक से इन कमियों को लेकर जवाब मांगा गया था। विभाग के अनुसार प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद जांच रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं को भेजी गई है।
लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा
जांच में सामने आई कथित अनियमितताओं और अन्य कमियों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की है। अब इस मामले में अंतिम निर्णय संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर से लिया जाएगा।
अधिकारियों को मीडिया से जानकारी साझा नहीं करने के निर्देश
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मीडिया को ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को मीडिया से विभागीय मामलों की जानकारी साझा नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, विभागीय जांच रिपोर्ट और सीएमएचओ के बयान से कार्रवाई की पुष्टि हुई है।
सीएमएचओ ने कहा—जांच रिपोर्ट संचालनालय को भेजी
डॉ. अनिल जगत, सीएमएचओ रायगढ़ ने कहा कि कल्याण हॉस्पिटल के संबंध में शिकायत मिलने के बाद जांच टीम भेजी गई थी। जांच में सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू पैकेज ब्लॉक किए जाने की बात सामने आई है। कुछ अन्य खामियां भी मिली हैं। पूरी रिपोर्ट संचालनालय को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।

.jpg)


.jpg)
.jpg)






