अपनी पसंद की खबर खोजें
जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम विजय शर्मा सुबह 11:30 बजे रायपुर प्रेस क्लब पहुंच सकते हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। ऐसे में दोनों नेताओं के आमने-सामने आने पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
PM आवास योजना के आंकड़ों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बहस की चुनौती दी थी। इसके जवाब में विजय शर्मा ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा था कि समय और स्थान तय कर लिया जाए, वे बहस के लिए तैयार हैं।
इसके बाद भूपेश बघेल ने कहा था कि उन्होंने ही चुनौती दी थी और 15 सितंबर का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे चर्चा के लिए आने को तैयार हैं।
हालांकि, बहस को लेकर कांग्रेस की ओर से एक अहम बयान सामने आया है। कांग्रेस का कहना है कि 15 सितंबर को सुबह 10 बजे तक सरकार, विजय शर्मा अथवा रायपुर प्रेस क्लब की ओर से भूपेश बघेल को बहस के संबंध में कोई सूचना या औपचारिक आमंत्रण नहीं मिला है।
कांग्रेस ने कहा है कि जैसे ही औपचारिक आमंत्रण मिलेगा, भूपेश बघेल बहस में शामिल होंगे।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने PM आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने दावा किया था कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवास बनाने की फाइल पर हस्ताक्षर किए थे और उनकी सरकार में 11 लाख आवास बनाकर पूरे किए जा चुके हैं।
विजय शर्मा ने कहा था कि वे इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से किसी भी मंच पर बहस करने के लिए तैयार हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रायपुर प्रेस क्लब में आज विजय शर्मा और भूपेश बघेल आमने-सामने बैठकर PM आवास के आंकड़ों पर खुली बहस करेंगे? राजनीतिक गलियारों में इस संभावित बहस को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।