अपनी पसंद की खबर खोजें
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआती आशंका जताई गई कि युवक की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया होगा।
पहचान नहीं होने के कारण शव को विश्रामपुर के शवगृह में भेजा गया। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई।
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है। इसके बाद पुलिस सुजल के घर पहुंची, जहां मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था।
इसके बाद पुलिस ने सुजल के परिचितों की मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया। घर के अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस तरह एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रजनी बरेठ का एक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध था और युवक का उनके घर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले रजनी ने 20 लाख रुपये का लोन लिया था। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों हत्याओं में उसकी क्या भूमिका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रजनी बरेठ बेलटिकरी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। करीब पांच साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। वह मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली थीं।
सुजल बरेठ कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। उसकी मौत की खबर से स्कूल में शोक का माहौल है। छात्र को श्रद्धांजलि देने के लिए स्कूल प्रबंधन ने एक दिन की छुट्टी घोषित की है।
मां-बेटे की हत्या के इस मामले में प्रेम संबंध, आर्थिक लेन-देन और 20 लाख रुपये के लोन से जुड़े विवाद की आशंकाओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या का वास्तविक कारण और घटना में संदिग्ध की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आज़ाद भारत न्यूज़ | छत्तीसगढ़