Azaad Bharat News/ Raigarh/ Chhattisgarh/-
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश और शराब के नशे में हुए विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर हमला कर हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23) का शव उसके घर की परछी में मिला था। शव के पास खून से सना भारी शील पत्थर पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले एक गमछे और पुलिस डॉग 'रूबी' की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत के साथ रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर शील पत्थर से कई वार कर रामनाथ की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लैलूंगा पुलिस टीमपुरस्कृत करने की घोषणा की है।-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हत्या के इस मामले का त्वरित खुलासा करने वाली लैलूंगा पुलिस टीम, थाना प्रभारी गिरधारी साव तथा पुलिस डॉग रूबी और डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के माध्यम से गंभीर अपराधों का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)

