Azaad bharat News/Raigarh/ Chhattisgarh/- सूरजपुर/प्रतापपुर, 24 जुलाई। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोंदा में जमीन विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहे युवक का कुछ लोगों ने अपहरण कर बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में सड़क किनारे मिले युवक की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन राजवाड़े (36) के घर 23 जुलाई को अंबिकापुर से उसके दो मित्र तुषार और राहुल पहुंचे थे। इसके बाद तीनों गांव के ही राजेंद्र प्रसाद के घर गए, जहां चारों शराब पार्टी कर रहे थे।
इसी दौरान गांव के ललित को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि वह 10 से 15 युवकों के साथ मौके पर पहुंचा, गाली-गलौज की और हरिनंदन राजवाड़े को जबरन एक चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हरिनंदन के बड़े भाई बमभोला राजवाड़े परिजनों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश में निकले। काफी खोजबीन के बाद हरिनंदन भैंसामुंडा से लगे ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर डंडों और अन्य हथियारों से मारपीट के कई निशान थे तथा काफी खून बह चुका था।
परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे जमीन विवाद कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


.jpg)

.jpg)
.jpg)








