Azaad bharat News/Raigarh/Chhattisgarh/- रायपुर। राजधानी रायपुर के ब्राम्हणपारा स्थित सोहागा मंदिर के पास संपत्ति कर की बकाया नोटिस चस्पा करने पहुंचे नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम जोन क्रमांक-4 में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक तरुण राय बकाया संपत्ति कर की डिमांड नोटिस तामील करने के लिए ब्राम्हणपारा स्थित एक मकान पहुंचे थे। संबंधित मकान मालिक श्रीमती लता शर्मा पर ₹55,859 का संपत्ति कर एवं अन्य कर बकाया है।
बताया गया कि मौके पर लता शर्मा मौजूद नहीं थीं। वहां उनके रिश्तेदार युगांत शर्मा मिले। जब निगम अधिकारी ने उन्हें बकाया कर की जानकारी देते हुए नोटिस देने का प्रयास किया, तो उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद अधिकारी नियमानुसार मकान की दीवार पर नोटिस चस्पा करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान युगांत शर्मा ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए नोटिस चस्पा करने से रोका, अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और झूमाझटकी भी की।
घटना के बाद सहायक राजस्व निरीक्षक तरुण राय ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराने के दौरान नगर निगम उपायुक्त (राजस्व) श्रीमती अंजलि शर्मा तथा जोन-4 कमिश्नर श्रीमती दिव्या चंद्रवंशी भी मौजूद थीं।
पुलिस ने तरुण राय की शिकायत पर आरोपी युगांत शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

.jpg)
.jpg)


.jpg)








