Azaad bharat News/Raigarh/Chhattisgarh/-
रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बुजुर्ग दंपत्ति के अधजले शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को जलाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में एक मकान से राम राठिया और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया के अधजले शव बरामद हुए। दोनों मूल रूप से घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम औरामुड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं और खेती-किसानी के सिलसिले में क्रोंधा गांव आए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे चोट के निशान मिले हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे भी पाए गए, जिससे हत्या के बाद शवों को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक दंपत्ति ने कुछ वर्ष पहले क्रोंधा गांव में जमीन खरीदी थी और वहीं खेती का कार्य करते थे। इसी वजह से पुलिस जमीन विवाद के एंगल से भी मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दोहरे हत्याकांड में तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
नोट: पुलिस की जांच जारी है। जमीन विवाद और अन्य संभावित कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






