अपनी पसंद की खबर खोजें
रायगढ़ के अंश इंटरनेशनल होटल में आयोजित एक सादे किंतु भावनात्मक कार्यक्रम में श्रीमती शीला तिवारी ,वार्ड नंबर 36 के पार्षद श्री विजय चौहान,संकुल राजीव गांधी नगर के प्राचार्य श्री मुन्नीराम रात्रे, C.A.C. श्री नंद किशोर वैष्णव, क्षेत्रवासीयों में विशेषकर श्री देवदत्त साहू, कु. संतोषी कुम्हार, श्रीमती लक्ष्मीन चौहान एवं शैलेष माली तथा समस्त स्टाफ की उपस्थिति में यह आभार व्यक्त किया गया।
अब तक शासकीय हाई स्कूल राजीव गांधी नगर, केवल कक्षा 10वीं तक की ही शिक्षा प्रदान करता था, जिसके कारण छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए दूरस्थ विद्यालयों में जाना पड़ता था। इससे न सिर्फ विद्यार्थियों को असुविधा होती थी, बल्कि कई बार आर्थिक कारणों या परिवहन की समस्या के चलते वे आगे की पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते थे।
अब जब शासकीय हाई स्कूल राजीव गांधी नगर को हायर सेकेंडरी का दर्जा मिल गया है, तब कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई भी इसी परिसर में संभव होगी। इससे न केवल छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में उच्च माध्यमिक शिक्षा की पहुंच आसान हो जाएगी।
श्रीमती शीला तिवारी ने इस स्कूल के उन्नयन के लिए लम्बे समय से प्रयासरत रहते हुए लगातार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा। उनकी प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना का ही परिणाम है कि यह उनका यह प्रयास सफल हुआ। उन्होंने कहा, “यह उन्नयन केवल एक स्कूल का नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य को मजबूत बनाने का प्रयास है। मैं माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी की आभारी हूं कि उन्होंने हमारी भावनाओं को समझते हुए यह सकारात्मक निर्णय लिया।”
संकुल राजीव गांधी नगर के प्राचार्य श्री मुन्नीराम रात्रे ने बताया कि इस निर्णय से क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों की पूर्ति होगी और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्कूल के समस्त शिक्षकों और स्टाफ की मेहनत एवं प्रतिबद्धता की सराहना की और कहा कि अब हमारा दायित्व और बढ़ गया है।
शासकीय हाई स्कूल राजीव गांधी नगर के हायर सेकेंडरी स्कूल के रूप में उन्नयन से क्षेत्रवासियों और छात्रों में अपार उत्साह व्यापत है। कक्षा 10वीं के छात्र अब अपने ही विद्यालय में आगे की पढ़ाई कर सकेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। विद्यालय के हाई स्कूल से हायर सेकेंडरी में उन्नयन से अभिभावकों में भी अपने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को लेकर चिंता कम होगी।
यह उन्नयन केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के विकास में एक अहम भूमिका निभाएगा। उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना से राजीव गांधी नगर के क्षेत्रवासियों के साथ आसपास के वार्ड और आसपास के गांवों और बस्तियों के बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे बालिका शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि दूर जाने की मजबूरी खत्म होगी।
श्रीमती तिवारी ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में स्कूल में साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स की पढ़ाई को और अधिक सुव्यवस्थित रूप देने के लिए आवश्यक संसाधनों की मांग की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल के संसाधनों को भी जल्द उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
शासकीय हाई स्कूल राजीव गांधी नगर को हायर सेकेंडरी राजीव गांधी नगर में उन्नयन मिलना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए एक उम्मीद की किरण है। यह शिक्षा के प्रति सरकार की गंभीरता और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का प्रतीक है। क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि आने वाले वर्षों में यह विद्यालय उत्कृष्टता की मिसाल बनेगा।