अपनी पसंद की खबर खोजें
Azaad-bharat News/छत्तीसगढ़/धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी जिले में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से युवक की मौत हुई है। मृतक के खिलाफ अर्जुनी थाने में 420 का जुर्म दर्ज है। हालांकि इस पर पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है।
पुलिस ने आरोपी को करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव के भंवरमरा का निवासी दुर्गेश कठोलिया के खिलाफ अर्जुनी थाना में धोखधड़ी की शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि दुर्गेश ने किसानों से उंचे दामों पर धान खरीदी का झांसा दिया और पैसे नहीं लौटाए। जब किसानों ने अपना पैसा मांगा तो युवक मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। इसके बाद पीड़ित किसानों ने दुर्गेश के खिलाफ अर्जुनी थाने में 7 करोड़ रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में धमतरी एसपी अंजनेय वार्ष्णेय ने कहा कि ठगी के आरोपी को कल शाम को 4 बजे गिरफ्तार किया गया था। डाक्टरी मुलायजा के बाद जज के सामने प्रस्तुत किया गया था, जहां से उसे 4 अप्रैल तक की पुलिस रिमांड मिली थी। रात करीब 9 बजे उसकी तबियत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।