अपनी पसंद की खबर खोजें
Azaad-bharat News/रायगढ़ /छत्तीसगढ़/शहर से लगे पटेलपाली स्थित वैदिक इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल में बारहवीं की एक छात्रा संदिग्ध हालत में मृत पाई गई। आनन-फानन में छात्रा को स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल से पहले तो अपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ले जाया जहां चिकित्सकों द्वारा जांच के उपरांत उसे मृत घोषित करने के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाने कहा गया, अपेक्स अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक़ “छात्रा को सोमवार की सुबह कार में अस्पताल लाया गया था, मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।” इस खबर के बाद स्कूल प्रबंधन ने स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी।

इधर स्कूल प्रबंधन के मुताबिक़ छात्रा की मौत नहाते वक़्त हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई गई है। हालांकि छात्रा की मृत्यु किन कारणों से हुई है यह अब तक अज्ञात है लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा की तबियत सुबह अचानक बिगड़ी जिसके बाद वह बेहोश हो गई, बताया जा रहा है कि छात्रा बाथरूम में थी जब काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो उसके दोस्तो ने उसकी सूचना स्कूल प्रबंधन को दी। बाथरूम का दरवाजा किसी तरह खोलकर देखा गया तब छात्रा बेहोश पाई गई या तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक छात्रा थाना मालखरौदा सक्ति जिले की है, वहीं इस घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही वे भी पहुंच चुके हैं।
आज स्कूल में 10 वीं और बारहवीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं होनी थी, बताया जा रहा है कि जैसे ही छात्र परीक्षा देने स्कूल पहुंचे प्रबंधन द्वारा छुट्टी कर दी गई जिससे परीक्षाएं भी आयोजित नहीं की सकी।
इस विषय पर डॉ. अजय गुप्ता से बातचीत पर उन्होंने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता चलेगा, पोस्ट मार्टम की सुविधा केवल जिला चिकित्सालय में है इसलिए हम मौत का कारण नहीं बता सकते, पोस्ट मार्टम के बाद ही छात्रा की मौत के कारणों का पता चलेगा।
कई दिनों से अवकाश पर थे प्रिंसिपल
वहीं अंदरूनी सूत्रों से यह जानकारी निकल कर सामने आ रही है कि काफी दिनों से वैदिक इंटरनेशनल स्कूल के प्रींसिपल अवकाश पर थे, जिससे स्कूल का माहौल अव्यवस्थित था, ऐसे में टीचर एवं स्टाफ ठीक तरह से कार्य नहीं कर रहे थे, स्कूल में 10 वीं और बारहवीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं होनी थी, टीचरों एवं प्रिंसिपल के ना होने से विद्यार्थियों में तनाव का माहौल निर्मित हो रहा था, और स्कूल के विद्यार्थी हताश थे।