अपनी पसंद की खबर खोजें
कांकेर : ऑनलाइन गेमिंग के जरिए शुरु हुए इस रिलेशनशिप की कहानी दिलचस्प है. 24 मई को प्रेमी और उसका दोस्त प्रेमिका को भगाने के लिए उसके गांव पहुंचे और प्रेमिका से मिलने के बाद तीनों बाइक से भागने लगे. लेकिन इसकी भनक गांववालों और परिजनों को लग गई और भाग रहे प्रेमी का वह पीछा करने लगे. इस बीच तीनों चारामा थाना के लिलेझर में भागते हुए बाइक से गिर गए. प्रेमिका के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए. प्रेमी और उसका दोस्त एंबुलेंस से सीधे अस्पताल पहुंच गए.
ऑनलाइन गेमिंग से शुरु हुई प्रेम कहानी : गुजरात के सूरत का रहने वाला युवक उमेश भामरे ऑनलाइन गेमिंग का शौकीन है. एक दिन गेम खेलने के दौरान वह कांकर जिले के पोटगांव की एक युवती के संपर्क में आ गया. एक दूसरे की आईडी लेकर इंस्टाग्राम के जरिए दोनों के बीच चैटिंग शुरू हुई. पहले दोस्ती फिर धीरे धीरे ये प्यार में बदल गई. वीडियो कॉल में ही दोनों एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे. इस 11 महीनों से उफान मार रहे रिलेशनशिप के बाद प्रेमिका ने प्रेमी को अपने गांव बुलाया.
प्रेमिका के बुलावे पर 1400 किमी दूर गांव पहुंचा प्रेमी : प्रेमिका के बुलावे पर प्रेमी उमेश भामरे बाइक से अपने साथी कृष्णा भीसे के साथ गुजरात से 1400 किलोमीटर दूर कांकेर के पोटगांव के लिए निकल पड़ा. उमेश भामरे ने अपने घर वालों को कहा था कि वह कुल देवी के दर्शन करने उज्जैन जा रहा है. घरवाले एकलौते बेटे को बाइक से सफर पर भेजने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन बेटे के जिद के सामने उनकी एक नहीं चली. प्रेमी पहले उज्जैन पहुंचा. जिसके बाद वह 24 मई दोपहर कांकेर जिले के पोटगांव पहुंच गया, जहां उसे प्रेमिका मिली. जिसके बाद उमेश और उसका दोस्त प्रेमिका को बाइक में बैठा कर भागने लगे.
गांव से भाग रही प्रेमिका-प्रेमी को परिजनों ने दौड़ाया : अब यहां कहानी में आ गया एक ट्विस्ट. लड़की के भागने की भनक परिजनों और गांववालों को लग गई. वे सभी इन तीनों का पीछा करने लगे. इसके बाद की पूरी घटना किसी फिल्मी सीन की ही तरह है. गांव की गलियों में प्रेमी अपनी प्रेमिका और दोस्त के साथ बाइक में इधर उधर भागता रहा और परिजन उनके पीछे भागते रहे. दोनों गांव से निकलकर चारामा के लिलेझर के निकट पहुंचे ही थे कि तीनों सड़क हादसे के शिकार हो गए और गिर गए.