Azaad-bharat News/रायगढ़ जिला जेल परिसर स्थित कॉम्प्लेक्स के छत में सोना एक युवक को उस वक्त महंगा पड़ा, जब नशे में वह ऐसे नीचे गिरा कि रातभर असहाय पड़े रहने के बाद जब उसे मेकाहारा ले जाया गया तो उसकी सांसें उखड़ गई। यह हादसा शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिदार ने बताया कि जिला जेल परिसर कॉम्प्लेक्स की छत में सत्येंद्र सिंह नामक तकरीबन 25 साल का एक युवक बीते 1 मई की रात नशे में सोया था। संभवतः करवट बदलने के दौरान मदहोश युवक नीचे जा गिरा। सूनसान जगह में गिरने के कारण रातभर वह असहाय पड़ा रहा। सुबह जब लोगों की नजर जख्मी युवक पर पड़ी तो उसे संदिग्ध परिस्थितियों में बेसुध देख 112 नंबर डायल कर सूचना दी गई।
एम्बुलेंस की मदद से युवक को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स की तमाम कोशिशों के बाद भी युवक की जिंदगी खत्म हो गई। चूंकि, मृतक का कोई वारिसान सामने नहीं आया इसलिए नियमानुसार मर्च्यूरी रूम में 72 घंटे तक रखने के बाद बुधवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल जूटमिल पुलिस मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल में जुटी है।



















