अपनी पसंद की खबर खोजें
Azaad-bharat News/साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज के एक निजी स्कूल की खिड़की के ग्रिल में सिर फंस जाने से प्री नर्सरी के छात्र की मौत हो गई। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के भगैया उपरबंधा स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल में रविवार शाम लगभग 4 बजे खेलने के दौरान एक छह साल के बच्चे का सिर खिड़की के ग्रिल में फंस गया। स्कूल संचालक को इसकी सूचना मिलने पर ग्रिल काटकर छात्र को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर मोहन मुर्मू ने जांच करने के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। खैरबनी भगैया के चार्लीस बास्की का पुत्र ताला बाबू प्री नर्सरी क्लास का छात्र था। स्कूल में ही हॉस्टल की व्यवस्था थी, जहां 13 बच्चे हैं। स्कूल के संचालक कुमार निशांत ने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन था। हॉस्टल के सभी बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान ताला बाबू का सिर खिड़की के ग्रिल में फंस गया। जानकारी मिलने पर ग्रिल को कटवाया गया। अस्पताल लाने के दौरान बच्चे की मौत हो गई। इधर, जानकारी मिलने पर मां मेरी मुर्मू समेत ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। देर शाम तक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की टीम ने किया। मेडिकल बोर्ड में डॉ. मोहन मुर्मू, डॉ. विवेकानंद मंडल व डॉ. फरोग हसन थे। मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि बच्चे को गंभीर स्थिति में सीधे सदर अस्पताल ले जाया गया था। लिहाजा जिरवाबाड़ी थाना पुलिस अस्पताल में मृत बच्चे के परिजन का बयान लेकर केस दर्ज करने के लिए भेजेगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।