अपनी पसंद की खबर खोजें
सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी मामले में दिल्ली पुलिस भी जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने मुंबई में बुधवार को विक्की गुप्ता और सागर पाल के गैंगस्टर बिश्नोई बंधुओं से रिश्ते को लेकर पूछताछ की है। दरअसल, दिल्ली क्राइम ब्रांच पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों से लॉरेंस का आमना-सामना कराना चाहती है, ताकि इनके नेटवर्क की कड़ियों के बारे में जानकारी मिल सके। इसके लिए मुंबई पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दोनों आरोपियों को दिल्ली लाने का प्रयास कर सकती है। दोनों आरोपी 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के घर के बाहर गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए थे। 16 अप्रैल को मुंबई और कच्छ पुलिस की संयुक्त टीम ने गुजरात के भुज शहर के पास माता नो मढ में एक मंदिर के परिसर से दोनों आरोपियों को पकड़ा था। बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें बिश्नोई भाइयों से निर्देश मिल रहे थे। ऐसे में यह सवाल उठता है कि ये दोनों सीधे तौर पर निर्देश दे रहे थे या फिर कोई इनका गुर्गा निर्देश दे रहा था? फोन के जरिए निर्देश दिए थे या फिर इंटरनेट कॉलिंग के जरिए? अगर इंटरनेट कॉलिंग से थे तो सर्वर की लोकेशन कहां की है? दिल्ली पुलिस इन सवालों के जवाब हासिल करने के लिए पूरे नेटवर्क की कड़ियों को ढूंढना चाहती है।