अपनी पसंद की खबर खोजें
Azaad-bharat- रायपुर । छत्तीसगढ़ समेत देशभर में चुनावी बिगुल बज गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों ऐलान कर दिया है। आम चुनाव के चुनाव 19 अप्रैल से सात चरणों में होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां चरण 20 मई, छठा चरण 25 मई और सातवां चरण 1 जून को होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई चुनाव होंगे। 19 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में एक सीट यानि बस्तर में मतदान होंगे। 26 अप्रैल को तीन सीटों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद सीट पर मतदान होंगे। वहीं, 7 मई को सरगुजा, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग व रायपुर में मतदान होगा।
गौरतबल है कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटें हैं। इनमें से सामान्य वर्ग के लिए 06, एसटी के लिए 04 और एससी वर्ग के लिए 01 सीट आरक्षित है। प्रदेश में वोटिंग के लिए 24 हजार 109 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वोटर्स की बात करें तो विधानसभा चुनाव के बाद इनकी संख्या में 1 लाख 20 हजार 92 की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 18 से 19 वर्ष के 5 लाख 77 हजार 184 मतदाता हैं। वर्तमान में 9 सीटें भाजपा और 2 सीटें कांग्रेस के पास हैं।
12 राज्यों में महिला वोटर ज्यादा
2024 लोकसभा चुनाव में 96.6 करोड़ लोग वोटिंग कर सकेंगे। देश में 49.7 करोड़ पुरुष वोटर, जबकि 47.1 करोड़ महिला वोटर हैं। 12 राज्यों में पुरुषों से ज्यादा महिला वोटर हैं। चुनाव आयोग ने 8 फरवरी को सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के वोटर्स से जुड़ी स्पेशल समरी रिवीजन 2024 रिपोर्ट जारी की थी। आयोग ने बताया कि वोटिंग लिस्ट में 18 से 29 साल की उम्र वाले 2 करोड़ नए वोटर्स को जोड़ा गया है।