अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस आर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की सफाई व रख-रखाव में लापरवाही पाए जाने पर नगर निगम ने 55 हजार रूपए का अर्थदंड लगाया है, वहीं जोन 02 में व्यावसायिक प्रतिष्ठान द्वारा सड़कों में पानी बहाने व गंदगी फैलाने पर दुकान सील करने की कार्यवाही जोन कमिश्नर द्वारा की गई है। ज्ञात हो कि कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में नगर निगम के सभी वार्ड में सघन सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर मुख्यालय के अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन, सभी जोन कमिश्नर व जोन स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम सभी वार्ड में निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। सुलभ इंटरनेशनल पर यह कार्यवाही जोन 05 के कमिश्नर व उनकी टीम द्वारा किया गया है।
जोन 05 कमिश्नर सुशील चौधरी व उनकी टीम द्वारा सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस आर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित मंगल बाजार, सखाराम दुबे, डंगनिया व लाखे नगर सुलभ शौचालयों का भी आज औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें मंगल बाजार के गली नंबर 05 में संचालित शौचालय में केयर टेकर अनुपस्थित पाए जाने पर 15 हजार रुपए का दंड, गली नंबर 10 के शौचालय में बदबू एवं अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर 10 हजार रुपए, सखाराम दुबे स्कूल स्थित सुलभ शौचालय के सीटों में गंदगी व डस्टबिन में कचरा जाम पाए जाने पर 10 हजार रुपए, डंगनिया सुलभ शौचालय परिसर में गंदगी व समुचित सफाई न होने व जगह-जगह कचरा पाए जाने पर 10 हजार रुपए व लाखे नगर सुलभ शौचालय में बाल्टी, मग, हैंडवाश जैसी आवश्यक व्यवस्था न होने पर 10 हजार रुपए का दंड आरोपित किया गया है। जोन कमिश्नर ने इन स्थलों पर तत्काल व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।