अपनी पसंद की खबर खोजें
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने कहा कि देश के 469 जिलों में पानी पीने के लायक ही नहीं, 24 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों को नोटिस
रायगढ़। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने इस बार पेयजल को लेकर जो आदेश दिया है, उससे आम आदमी को घबराने की जरूरत है। एनजीटी ने देश के 469 जिलों में पानी को पीने लायक नहीं बताया है। इसमें रायगढ़ जिला भी है। इसकी वजह आर्सेनिक और फ्लोराइड जैसे खतरनाक तत्व हैं जो पानी में मौजूद हैं। इसके लिए एनजीटी ने छग समेत देश के 24 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों को नोटिस भी जारी किया है।
पानी को लेकर हर कोई लापरवाह होता है। धीरे-धीरे भूमिगत जल भी प्रदूषित होता जा रहा है। इस ओर कोई खास प्रयास भी नहीं किए जाते जिससे समस्या बढ़ती जा रही है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने एक मीडिया की रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि देश के किन-किन हिस्सों में पानी में खतरनाक रसायन मौजूद हैं। इनमें आर्सेनिक और फ्लोराइड जैसे तत्व भी हैं जो कई गंभीर बीमारियों का कारण हैं। सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि देश 25 राज्यों के भूजल में आर्सेनिक है और 27 राज्यों के भूजल में फ्लोराइड। रिपोर्ट में जिलेवार ब्यौरा दिया गया है। एनजीटी ने रिपोर्ट के आधार पर ऐसे सभी राज्यों को नोटिस दिया है। इस रिपोर्ट को राज्यसभा केंद्रीय राज्यमंत्री जल शक्ति ने प्रस्तुत किया था।