अपनी पसंद की खबर खोजें
शहर में हुक्के का सामान, तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर बिकने की शिकायत मिलने पर गोलबाजार पुलिस थाने की टीम और साईबर सेल ने मिलकर जयस्तंभ चौक, मयूरा होटल के बाजू में स्थित राज पान पैलेस में छापा मारा। यहां से लाखों रुपये कीमत का प्रतिबंधित हुक्का पॉट, पाइप, नोजल, कोल, विभिन्न प्रकार के फ्लेवर समेत हुक्का से संबंधित अन्य सामान जब्त किया गया। यहाँ से काफी मात्रा में सामान जब्त किया गया है।
इस सामान को बेचते पान दुकान के संचालक राजीवनगर, खम्हारडीह निवासी अशोक कुमार (58) और अनुराग (32) को पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य उत्पादन प्रदाय और वितरण का विनियमन) अधिनियम 2003 एवं संशोधन अधिनियम 2023 का केस दर्ज किया। मामले में पुलिस ने कार्यवाही की है।
प्रदेश में पूर्व कांग्रेस सरकार ने हुक्का बार के संचालन पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन आज भी रायपुर समेत कई जिलों के रेस्टोरेंट, बार में ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। चोरी-छिपे इसका इस्तेमाल युवक, युवती कर रहे हैं। वहीं पान दुकान की आड़ में हुक्के का सामान भी धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। हुक्के के जरिये युवावर्ग नशे की गिरफ्त में फंस रहा है।