रायगढ़ , दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक व आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने प्रेस कांफ्रेंस में दावा किया कि छत्तीसगढ़ में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है क्योंकि जैसा भाजपा का शासन था वैसा ही शासन कांग्रेस का भी है ऐसे में यहां के लोग विकल्प की तलाश में हैं।
उन्होंने बस्तर से लेकर सरगुजा तक का अनुभव बताते हुए कहा कि जहां भी जंगल हैं वहां लूट है। सरकार के अधिकारी ED की जांच में फंसे हुए हैं। भाजपा हो या कांग्रेस चाभी उद्योगपतियों के हाथों में है। भाजपा थी तब भी अदानी को खदान दिए गए जब कांग्रेस की सरकार आई तब भी खदानों पर कब्जा है। ऐसे में जनता के लिए दोनों का शासन एक ही जैसा है। यह सवाल पूछे जाने पर कि पंजाब और दिल्ली की तरह क्या छत्तीसगढ़ में भी आम आदमी पार्टी सरकार बनाने की कोशिश कर रही है ? उन्होंने कहा – छत्तीसगढ़ में भी चमत्कार होगा क्योंकि जनता भाजपा और कांग्रेस से अब चुकी है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ही जोगी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पिंटू सिंह, कांग्रेस के पूरे महामंत्री महंत तथा क्रिश्चियन समाज के नगर अध्यक्ष उमेश तिर्की ने इस मौके पर पार्टी ज्वाइन किया। कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं से पार्टी में आने की चर्चा पर संजीव झा ने कहा की हमारी बहुत से लोगों से चर्चा चल रही है और भाजपा और कांग्रेस के नाराज नेता उनके संपर्क में भी हैं।