बृजभूषण सिंह पर विनेश फोगाट ने लगाए थे गंभीर आरोप
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन में शामिल स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। फोगाट ने यह भी आरोप लगाया कि वह बृज भूषण द्वारा मानसिक उत्पीड़न से पीड़ित थीं, फोगाट ने साथ ही कहा कि उन्होंने आत्महत्या पर विचार किया था।
विनेश ने अपने बयान में कहा, ”कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।” विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों और महिला कोच का यौन शोषण करते हैं।
विनेश फोगाट ने कहा था “टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे ‘खोटा सिक्का’ कहा। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की होगी।”