अपनी पसंद की खबर खोजें
Azaad bharat News/Raigarh/Chhattisgarh/- अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान गाड़ी को साइड देने और डीजे की आवाज को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने तैश में आकर प्रशिक्षु DSP के साथ मारपीट की और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान प्रशिक्षु DSP निशांत कुर्रे अपनी निजी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज और रास्ता देने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने कथित तौर पर DSP के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी निजी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय कुछ युवक नशे की हालत में थे। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद प्रशिक्षु DSP निशांत कुर्रे ने इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
बताया गया है कि निशांत कुर्रे वर्तमान में सरगुजा जिले के दरिमा थाना में पदस्थ हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट एवं वाहन में तोड़फोड़ के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Azaad Bharat News | अंबिकापुर, सरगुजा