अपनी पसंद की खबर खोजें
मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान, निवासी संजय मैदान क्षेत्र, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की सिर कुचलकर हत्या की गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस को प्रारंभिक तौर पर दो से तीन संदिग्धों के शामिल होने की आशंका है। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि पुराना बस डिपो लंबे समय से खंडहर की स्थिति में है और यहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। आशंका है कि नशे के दौरान हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया होगा। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना के बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही हत्या की वजह और आरोपियों की भूमिका का खुलासा कर सकती है।