अपनी पसंद की खबर खोजें
तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिलासपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे थे छात्र
घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी.फार्मा प्रथम वर्ष के 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे।
इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू सेल्फी लेने के दौरान नदी किनारे खड़े थे। बताया जा रहा है कि अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में पानी में उतरे उसके दो दोस्त भी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
शनिवार को मिला था पहला शव
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
लगातार तलाश के बाद शनिवार को पवन का शव बरामद कर लिया गया था। वहीं दो अन्य युवकों की तलाश रविवार सुबह तक जारी रही।
पत्थरों के बीच फंसा था मुरारी का शव
रविवार सुबह करीब 6:15 बजे अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव बरामद किया गया। इसके बाद करीब 7 बजे मुरारी साहू का शव भी नदी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार मुरारी साहू का शव घटनास्थल पर पत्थरों के बीच बनी एक खोह में फंसा हुआ था। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त
हादसे के बाद प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक पहुंचने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों के प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा प्रतिबंधित और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोकना है।