अपनी पसंद की खबर खोजें
करीब 2 लाख टन प्रोसेस्ड स्टील स्लैग का इस्तेमाल
‘वेस्ट टू वेल्थ’ का सपना साकार करने वाली इस सड़क के निर्माण में करीब 2 लाख टन प्रोसेस्ड स्टील स्लैग का इस्तेमाल किया गया है। इससे प्राकृतिक पत्थरों की खुदाई और खनन पर निर्भरता कम हुई है। यह सड़क भारी वाणिज्यिक वाहनों, जैसे ट्रकों की आवाजाही को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
पारंपरिक सड़कों की तुलना में यह सड़क करीब 35 प्रतिशत पतली है और इसके निर्माण में लगभग 40 प्रतिशत लागत की बचत हुई है। इससे पैसे और प्राकृतिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।
वैज्ञानिक प्रक्रिया से तैयार किया गया स्टील ग्रिट
जिंदल स्टील ने सीएसआईआर और सड़क अनुसंधान संस्थान के साथ मिलकर स्टील स्लैग को वैज्ञानिक प्रक्रिया के जरिए सड़क निर्माण योग्य सामग्री में बदला। इस प्रक्रिया में क्रशिंग, धातु निष्कर्षण और ग्रेडिंग शामिल है। सड़क की सबसे निचली परत से लेकर ऊपरी बिटुमिन परत तक इसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
सभी कड़े पर्यावरणीय परीक्षणों के बाद ही इस सड़क को मंजूरी दी गई। जिंदल स्टील ने प्रोसेस्ड स्लैग को ‘स्टील ग्रिट’ नाम दिया है, जिसका लोगो भी समारोह के दौरान लोकार्पित किया गया।
नवीन जिंदल ने बताया ऐतिहासिक पहल
जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन नवीन जिंदल ने कहा कि भारत की तरक्की ऐसे नए प्रयोगों से होनी चाहिए, जो पर्यावरण की रक्षा करते हुए देश को लाभ पहुंचाएं। यह तकनीक दिखाती है कि उद्योगों से निकलने वाला कचरा देश निर्माण का जरिया बन सकता है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह परियोजना ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के सपने को साकार करती है। यह साबित करती है कि स्वदेशी तकनीक के जरिए देश की बड़ी समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।
देशभर में इस्तेमाल के लिए समझौता
इस तकनीक को देशभर में अन्य सड़कों के निर्माण में इस्तेमाल करने के लिए एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। इस्पात संयंत्रों से निकलने वाले स्लैग का उच्च गुणवत्ता वाली सड़क निर्माण में उपयोग करने का मार्ग प्रशस्त करने वाली यह परियोजना जिंदल सीमेंट परियोजना स्थल को नेशनल हाईवे-49 से सीधे जोड़ने के लिए बनाई गई है।
परियोजना के दौरान देश के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने लगातार स्थल का दौरा कर निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने भी रायगढ़ पहुंचकर सड़क का मुआयना किया। शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में जिंदल स्टील लिमिटेड रायगढ़ के सभी अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।