अपनी पसंद की खबर खोजें
आज 30 जुलाई को पूरी दुनिया में विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस (World Day Against Trafficking in Persons) मनाया जा रहा है। इस दिवस का उद्देश्य मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करना, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा करना और इस अपराध के खिलाफ वैश्विक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई को बढ़ावा देना है। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2013 में इस दिवस की शुरुआत की थी।
इस वर्ष की थीम उन लोगों पर केंद्रित है जिन्हें संगठित अपराधी गिरोह नौकरी, बेहतर भविष्य या ऑनलाइन अवसरों का लालच देकर मानव तस्करी का शिकार बनाते हैं और बाद में उन्हें साइबर ठगी तथा ऑनलाइन स्कैम सेंटरों में जबरन काम करने के लिए मजबूर करते हैं।
मानव तस्करी केवल महिलाओं और बच्चों तक सीमित नहीं है। पुरुष, युवा और प्रवासी मजदूर भी इसके शिकार बन रहे हैं। रोजगार, शिक्षा, शादी, मॉडलिंग या विदेश भेजने के नाम पर लोगों को फंसाया जाता है और बाद में उनका शोषण किया जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क, बिना सत्यापन के नौकरी के ऑफर स्वीकार करना और अधिक कमाई के झांसे में आना गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों में सतर्क रहना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित एजेंसियों को देना आवश्यक है।