Azaad bharat News/ Raigarh/Chhattisgarh/- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि केलो नदी का जलस्तर बढ़ने से चक्रधर नगर सहित अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाला रपटा पूरी तरह पानी में डूब गया है।
चिंता की बात यह है कि रपटा डूबने के बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से लगातार आवागमन कर रहे हैं। स्कूलों की छुट्टी के बाद कई अभिभावक भी बच्चों को लेने और छोड़ने के लिए इसी डूबे हुए रपटे से गुजरते दिखाई दिए, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण वार्ड क्रमांक 30, 33 और 37 सहित कई निचले इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया है। कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इधर, वार्ड क्रमांक 37 के मीनाबाजार क्षेत्र में स्थल समतलीकरण के लिए डाली गई फ्लाई ऐश बारिश के तेज बहाव में बह गई। इससे आसपास के मोहल्लों में गंदगी फैल गई है और लोगों को आवागमन सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने लगभग दो दर्जन कर्मचारियों की टीम तैनात की है। सूचना मिलते ही निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पानी निकासी और राहत कार्य में जुट रही हैं।
महापौर ने क्या कहा?
रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद नगर निगम की पूरी टीम अलर्ट मोड पर है। जलभराव वाले सभी क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां से भी सूचना मिल रही है, वहां तत्काल राहत एवं पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है।
प्रशासन की अपील
केलो नदी के बढ़ते जलस्तर और डूबे हुए रपटों को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों और पानी में डूबे रपटों से गुजरने से बचें। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मार्गों पर आवाजाही नहीं रोकी गई तो तेज बहाव के बीच बड़ा हादसा हो सकता है।
आजाद भारत वेब न्यूज़ सभी नागरिकों से अपील करता है कि बारिश के दौरान सतर्क रहें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।



.jpg)










.jpg)