अपनी पसंद की खबर खोजें
राजनांदगांव। मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस को नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को आतंक का रास्ता छोड़ कर नेशनल पार्क एरिया बीजापुर के मिलिशिया कमांडर लखमु पल्लये पिता केये पल्लये ने आत्मसमर्पण किया। उनके साथ बीजापुर जिले के ही ग्राम अठवली थाना के ग्राम कुटरू निवासी मिलिशिया सदस्य राजेश कुमार कोरमा पिता मांडो कोरमा व बीजापुर जिले के ग्राम तोयेनार निवासी मिलिशिया सदस्य सोनुराम कड़ियाम पिता विजय कड़ियाम ने भरमार बंदूक के साथ एसपी रत्ना सिंह के समक्ष सरेंडर किया। ये तीनों वर्षों से नक्सल संगठन के लिए काम कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह द्वारा समर्पित तीनों नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इस दौरान नक्सली आपरेशन की समान संभाल रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कतलम, उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर दीवान, उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के नेतृत्व में कुछ समय पहले नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने और शासन की पुनर्वास नीति के प्रचार से संबंधी पर्चे जिले के अंदरूनी ग्रामों में वितरित किए गए थे। इसका लाभ अब होता दिख रहा है। पुलिस के अभियान से प्रभावित होकर आतंक का रास्ता छोड़ कर नक्सली संगठन छोड़ मुख्य धारा में लौटने लगे हैं।