रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 सितंबर को रायगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वे यहां केन्द्र सरकार से जुड़े विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने रायगढ़ आएंगे। प्रधानमंत्री लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।उक्ताशय की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम पूर्व में प्रस्तावित था, लेकिन तिथि निर्धारित नहीं हो पाई थी। रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तिथि निर्धारित हो गई है। वे 14 सितंबर को रायगढ़ में दो कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री 14 सितंबर को 2.45 बजे रायगढ़ आएंगे। वे रायगढ़ में एक विशाल जनसभा सभा को संबोधित करेंगे। इससे पूर्व प्रधानमंत्री केंद्र सरकार से जुड़े विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रायगढ़ आगमन को लेकर आज पार्टी की बैठक में बुलाई गई है , जिसमें पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशाल जनसभा में करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के परिवर्तन यात्रा की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आने के 2018 के विधानसभा चुनाव में जनघोषणा पत्र जारी किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस की सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया। जिससे जनमानस में आक्रोश है, भाजपा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बेदखल करने का शंखनाद करते हुए परिवर्तन यात्रा निकालेगी। परिवर्तन यात्रा प्रदेश में दो चरणों में पूरा किया जाएगा। बस्तर संभाग से 12 सितंबर को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण जशपुर से 16 सितंबर को शुरू किया जाएगा। इसका शुभारंभ छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के नेतृत्व होगा। परिवर्तन यात्रा में पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजनता शिरकत करेंगे। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोपपत्र जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल में अनेक घोटाले किए गए हैं, भाजपा आरोप पत्र जारी कर कांग्रेस सरकार से हिसाब मांग रही है। श्री चंदेल ने कहा कि 2 सितंबर को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में यह आरोप पत्र जारी किया था। प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इन घोटालों का जवाब और हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि इन पौने पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने क्या किया इसका जवाब जनता को देना पड़ेगा। प्रेसवार्ता में सांसद गोमती साय, भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी के अलावा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, गिरधर गुप्ता, गुरूपाल भल्ला, विवेकरंजन सिन्हा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
