शिवसेना (उद्धव गुट) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार हमला बोला है। आदित्य ठाकरे ने सीएम शिदें को अपने खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। इतना ही नहीं आदित्य ने एकनाथ शिंदे को असंवैधानिक मुख्यमंत्री करार दिया है। आदित्य ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने असंवैधानिक मुख्यमंत्री (एकनाथ शिंदे) को मेरे खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। मैं अपनी सीट से इस्तीफा दे दूंगा और उन्हें अपनी सीट से इस्तीफा दे देना चाहिए और उन्हें मेरे खिलाफ वर्ली से चुनाव लड़ना चाहिए।
#WATCH | I've challenged this unconstitutional CM (Eknath Shinde) to contest the Assembly elections against me. I will resign from my seat & he should resign from his seat, and let him contest from Worli against me: Shiv Sena leader Aaditya Thackeray #Maharashtra pic.twitter.com/pp0X39H7QE
— ANI (@ANI) February 4, 2023
आदित्य ठाकरे ने बीएमसी और केंद्र के बजट पर भी निशाना साधा है। दरअसल मोदी सरकार द्वारा देश का बजट पेश करने के बाद अब इस साल का मुंबई नगर निगम का बजट आज पेश किया गया है। नगर पालिका प्रशासक इकबाल सिंह चहल ने 52 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। उसके बाद शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर निगम के बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं है?
मीडिया से बात करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुंबई नगर निगम के कमिश्नर ने 52 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट पिछले साल के मुकाबले 6670 करोड़ रुपए ज्यादा है। नगर पालिका द्वारा पेश बजट से मुंबई को दिल्ली के सामने झुकाने की कोशिश की जा रही है। सरकार ठेकेदारों के लिए भारी मात्रा में जनता का पैसा बर्बाद कर रही है। राज्य में सत्ता हस्तांतरण के बाद से मुंबई और महाराष्ट्र नैतिक, कानूनी और वित्तीय दिवालियापन की ओर बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार पर मुंबई नगर निगम का साढ़े सात हजार करोड़ रुपये बकाया है। आदित्य ठाकरे ने शिंदे-फडणवीस सरकार पर जोरदार हमला करते हुए मांग की है कि शिंदे-फडणवीस सरकार नगरपालिका का बकाया तत्काल चुकाए।