पंजाब में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मोगा जिले के बल्ली के दल्ला गांव में घर में घुसकर कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 45 साल के बलजिंदर सिंह बल्ली कांग्रेस के स्थानीय नेता थे। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर घर में घुसे और बलजिंदर सिंह बल्ली को गोली मार दी।
हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। गोली मारने के बाद मौके से हमलावर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर कांग्रेस नेता बलजिंदर सिंह बल्ली को गोली चलाते हुए देखे जा सकते हैं। गोलीबारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर कांग्रेस नेता के घर पर भारी भीड़ जमा हो गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। खून में लथपथ बलजिंदर सिंह बल्ली को अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।