खड़गे ने कार्यसमिति की बैठक में शामिल नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आराम से बैठने का समय नहीं है। दिन-रात मेहनत करनी होगी। कर्नाटक में हम एकजुट रहे, जिसका नतीजा सबने देखा। उन्होंने कहा कि जहां हमारी राज्य सरकारें हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना है। हमें ये भी बताना है कि केंद्र सरकार कैसे हमारी सरकारों की प्रगति में रोड़े डालती है। जहां हम विपक्ष में हैं, वहां सत्तादल की ख़ामियाँ और जन विरोधी नीतियों को हमें उजागर करना है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार जनता के मूल-भूत मुद्दों से भटकाने के लिए, नए-नए मसले लाकर मुद्दों से भटकाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद कांग्रेस ने रखी है। इसलिए इनकी रक्षा का जिम्मा भी कांग्रेस पर ही है। इसके लिए आखिरी सांस तक लड़ना होगा। खड़गे ने कहा कि 2024 में महात्मा गांधीजी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है। 2023 कांग्रेस सेवादल की शताब्दी है। 2024 में BJP को सत्ता से बेदख़ल करना महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हैदराबाद में ही 1953 में कांग्रेस महाधिवेशन में पंडित जवाहर लाल नेहरूजी ने कहा था, “हमें सदा सारे देश की बात सोचना है और हर काम इस बड़े मकसद के लिए करना है। पर हम एक पार्टी के सदस्य हैं और हममें वह अनुशासन की भावना होनी चाहिए जो किसी भी पार्टी के लिए जरूरी है।”