कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज कांगड़ा से हिमाचल के मर्म को छू लिया। देवभूमि की जनता का दर्द साझा किया और दवा भी बताई। बेरोजगारी, महंगाई और केंद्र की अग्निवीर योजना समेत जनता की हर उस मुश्किल पर बात की, जिनसे लोग जूझ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से हिमाचल के भावनात्मक रिश्ते की भी याद दिलाई। हिमाचल के लोगों के गौरवशाली अतीत को लेकर भी उन्हें झकझोरा।
हिमाचल प्रदेश की सत्ता की चाभी रखने वाले प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के नगरोटा बगवां में प्रियंका गांधी की रैली में आज हर वह रंग दिखा, जिसमें चुनावी संकेत छिपे थे। मैदान खचाखच भरा था। यहां तक कि लोग छतों तक पर बैठे थे। एक तरफ जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और गृह मंत्री अमित शाह की रैली में कुर्सियां खाली दिख रही हों, तो जाहिर सी बात है कि यह भीड़ अपने आप में कुछ संदेश दे रही थी।